तमिलनाडु में सामान्य स्थिति बहाल

चेन्नई, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। कावेरी जल विवाद को लेकर तमिलनाडु में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय बंद के बाद शनिवार को जिंदगी पटरी पर लौट आई है।

निजी स्कूल, दुकानें, पेट्रोल पम्प और अन्य प्रतिष्ठान जो शुक्रवार को बंद थे, वे खुल गए हैं।

रात भर वर्षा होने के कारण चेन्नई शहर धुला हुआ लग रहा था।

कावेर जल की मांग और कर्नाटक में तमिलों और उनकी संपत्तियों पर हमले के विरोध में किसानों, व्यापारियों एवं ट्रांसपोर्टरों के प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को बंद आहूत किया गया था।

गत 12 सितंबर को सर्वोच्च न्यायालय के संशोधित आदेश के विरोध में कर्नाटक में उपद्रवियों ने तमिलनाडु से जाने वाले अनेक ट्रकों एवं बसों को जला दिया था। शीर्ष अदालत ने अपने संशोधित आदेश में कर्नाटक को प्रतिदिन 12,000 क्यूसेक कावेरी जल तमिलनाडु के लिए छोड़ने को कहा था।

ऐसी कई घटनाएं हुईं, जिनमें प्रदर्शनकारियों ने कर्नाटक में तमिलनाडु के ट्रक चालकों पर हमले किए और उनकी बेइज्जती भी की।

कावेरी जल के मुद्दे पर कर्नाटक के रवैये से क्षुब्ध नाम तमिझार काची पार्टी के एक कार्यकर्ता ने गुरुवार को आत्मदाह का प्रयास किया, जिसकी शुक्रवार को मौत हो गई।

अंतिम संस्कार के लिए उसके पार्थिव शरीर को यहां से 340 किलोमीटर दूर मन्नारगुडी ले जाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493