मगरमच्छ के हमले में घायल किसान को सीएचसी मिहींपुरवा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मोतीपुर रेंज अंतर्गत गुलालपुरवा गांव बरसाती नाले के निकट बसा हुआ है। इस नाले को पार कर गांव के लोग अपने खेत को पहुंचते हैं। गांव निवासी किशोरी प्रसाद (55) धान के खेत की रखवाली के लिए जब नाला पार कर खेत को जा रहे थे, तभी नाले के बीच में पहुंचते ही अचानक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया।
किसान ने अपने को बचाने के लिए हाथ से मगरमच्छ पर हमला किया तो उसने हाथ को भी चबा लिया। लगभग 30 मिनट तक किशोरी प्रसाद मगरमच्छ से संघर्ष करते हुए चीखते रहे।
ग्रामीणों के पहुंचने पर किसी तरह किशोरी प्रसाद को मगरमच्छ के चंगुल से बचाया जा सका। लेकिन हमले में उनका हाथ, पैर लहूलुहान हो गया। आनन फानन में उन्हें सीएचसी मिहींपुरवा पहुंचाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
ग्राम प्रधान बलराम ने बताया कि रेंज कार्यालय को सूचना देने के लिए फोन किया गया, लेकिन न तो कार्यालय का फोन रिसीव हो रहा है न ही वन क्षेत्राधिकारी फोन रिसीव कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath