तिरुवनंतपुरम, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा केरल में अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा के मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) या उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश से जांच की मांग करने के एक दिन बाद कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि अगर भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थक हथियार डाल दें, तो राज्य में शांति सुनिश्चित हो सकती है।
विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा, “इससे पहले कांग्रेस के शासन (2011-16) में कन्नूर में शांति थी, लेकिन राज्य सरकार बदलने के बाद से मुख्यमंत्री पिनरई विजयन और माकपा राज्य सचिव के कन्नूर जिले में स्थित गांवों से अधिक हिंसा की खबरें मिली हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “भाजपा/आरएसएस और माकपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष के कारण कन्नूर में राजनीतिक हिंसा बढ़ी है। पुलिस केवल मूकदर्शक बनी हुई है। पुलिस की कार्रवाई बंद हो गई है और ‘बम संस्कृति’ प्रचलित हो गई है।”
उन्होंने कहा कि कन्नूर में गुरुवार को दिन भर की बैठक आयोजित की जाएगी।
भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया था कि वाम मोर्चा के सत्ता में आने के बाद से केरल में उसके कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा के करीब 400 मामले सामने आए हैं।
चेन्निथला ने कहा कि विधानसभा में केरल कांग्रेस-मणि के साथ समन्वय पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath