उप्र की बदहाली के लिए सपा-बसपा जिम्मेदार : शाह

लखनऊ, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को यहां समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव व राज्यसभा सांसद अमर सिंह को नारद मुनि करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की दुर्दशा के लिए सपा-बसपा-कांग्रेस ही पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।

शाह ने यहां आयोजित परिवर्तन महारैली में कहा, “खनन में भ्रष्टाचार नहीं होता तो यूपी के हर घर में कलर टीवी होती। महाभारत से भी बड़ी लड़ाई यादव परिवार में दिख रही है। चाचा-भतीजे को निकाल देता है, तो अमर सिंह नारद की भूमिका में नजर आते हैं।”

उन्होंने कहा, “गायत्री प्रजापति को मंत्रिमंडल से निकाल दिया गया था, उन पर अखिलेश ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। अब फिर से वापस ले लिया। क्या वे भ्रष्टाचारी नहीं हैं। बुलंदशहर में मां-बेटी के साथ दुष्कर्म होता है, क्या अखिलेश में कानून-व्यवस्था की समझ नहीं है।”

मायावती पर घोटाले का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि बहन जी ने ताज कॉरिडोर घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, एनएचआरएम सहित कई घोटाले किए। ये करीब 40 हजार करोड़ रुपये का है।

उन्होंने कहा, “यदि वह अपने बंगले बेच देतीं तो हर गरीब के घर में एयरकंडीशन होता। मायावती दलितों का शोषण करती हैं। मायावती कहती हैं कि हम आएंगे तो कानून-व्यवस्था ठीक हो जाएगी।”

किसानों की वर्तमान दशा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए शाह ने कहा, “65 साल कांग्रेस का शासन रहा। किसानों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। राहुल गांधी किसान यात्रा कर रहे हैं।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “कांग्रेस राज में यदि किसानों का भला होता तो आज उनकी यह हालत नहीं होती। राहुल के पुरखों ने ही यह किया है। कांग्रेस की सरकार सपा-बसपा की बैसाखियों पर चली है। वह उत्तर प्रदेश में वोट कटवा पार्टी है। 12 हजार करोड़ रुपये के घोटाले में ये सभी शामिल हैं।”

बसपा छोड़कर भाजपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “मायावती पैसे की हवस में अंधी हो गई हैं। बसपा में जिसकी जितनी थैली भारी उसकी उतनी भागीदारी वाली बात है। वह धन्ना सेठों की पार्टी होने लगी है। बाबा साहब ने हमें संविधान इसलिए दिया है, ताकि हमसब मिलकर चुनाव लड़ सकें।”

मौर्य ने कहा, “अब बसपा से उसके कार्यकर्ता ऊब चुके हैं। प्रदेश में बसपा ने बहुत लूट की थी, जिस कारण वहां आम कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा था। हमलोगों ने परेशान होकर पार्टी छोड़ दी।”

उल्लेखनीय है कि बसपा के दो विधायक धर्मपाल सैनी और रमेश कुशवाहा बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493