नई दिल्ली, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के राष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सऊदी अरब के शाह और वहां के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सऊदी अरब का राष्ट्रीय दिवस 23 सितम्बर को मनाया जाता है।
सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद को भेजे गए अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “भारत सरकार, भारत की जनता और अपनी तरफ से मुझे आपको और सऊदी अरब की जनता को आपके राष्ट्रीय दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है। भारत, सऊदी अरब के साथ अपने नजदीकी और घनिष्ठ संबंधों को बहुत महत्व देता है, जो हमारे साझा हितों और जनता के आपसी संपर्क पर आधारित है। हमारे बहु-आयामी रणनीतिक संबंधों ने द्विपक्षीय भागीदारी के हर क्षेत्र में लगातार प्रगति की है।”
उन्होंने कहा, “हमारे पारस्परिक संबंधों को उच्चस्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के बीच बढ़ते कारोबार ने और मजबूत बनाया है। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले दिनों में भी दोनों देशों की जनता के संबंध और मजबूत होते रहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath