मप्र में सद्भाव के साथ मनाई गई दीन दयाल जयंती

भोपाल, 25 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती रविवार को राजधानी भोपाल से लेकर जिला और मंडल स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने श्रद्घा और सद्भाव के साथ मनाई। उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के अलावा स्वच्छता अभियान, चिकित्सा शिविर के आयोजन किए गए, और कमजोर बस्तियों में रहिवासियों को फलफूल, मिठाई बांटे गए।

राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोझीकोट बैठक में एकात्म मानववाद के उद्बोधन का सीधा प्रसारण एलईडी के जरिए किया गया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

हर्षवर्धन नगर में कमजोर बस्तियों में चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 700 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, महापौर आलोक शर्मा ने मरीजों को फल, मिष्ठान भेंट किए। नेत्र रोग, हड्डी रोग, महिला रोगों का उपचार करने के साथ ही मुफ्त औषधि वितरित किए गए।

भोपाल के लालघाटी में स्थित पं़ दीनदयाल जी के प्रतिमा पर प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत, पर्यटन निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक सुरेंन्द्र नाथ सिह, बीडीए अध्यक्ष ओम यादव ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमार चौहान एवं संगठन महामंत्री सुहास भगत ने एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर केरल के कालीकट में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक से भेजे एक संदेश में प्रदेशवासियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल ने एकात्म मानव दर्शन के सिद्धांत में समाज के अंतिम व्यक्ति की चिता का जो आह्वान किया था, भाजपा उनके बताए मार्ग पर अनवरत चलते हुए समाज में पिछड़ गए बंधुओं, बेटियों और युवाओं के सुनहरे भविष्य की दिशा में निरंतर कार्यरत है।

इसी तरह इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन के अलावा अन्य स्थानों पर पं. उपाध्याय की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक ने हिस्सा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493