मडगांव, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। एशियन फुटबाल परिसंघ (एएफसी) ने सोमवार को कहा है कि खिलाड़ियों के वैज्ञानिक परीक्षण के कारण अंडर-16 चैम्पियनशिप में उम्र के साथ किसी भी तरह की हेरफेर नहीं हुई है।
एक बयान के अनुसार 11 क्वालीफाइंग समूह के कुल 98 खिलाड़ियों का चैम्पियनशिप के क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान परीक्षण किया गया था।
अंतिम प्रतिस्पर्धा से पहले क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान परीक्षण से छूट गए 20 खिलाड़ियों का भी परीक्षण किया गया था।
एएफसी की स्वास्थ्य समिति के चैयरमैन गुरुचरण सिंह ने कहा, “एएफसी उम्र की धोखधड़ी को लेकर गंभीर है और इसके लिए उसके पास रणनीति भी है। हम इसके लिए खिलाड़ियों पर नजर बनाए रखते हैं।”
उन्होंने कहा, “एमआरआई स्कैन के लिए एएफसी प्रोटोकाल को अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया गया है। इसे अगले साल होने वाले अंडर-17 विश्व कप में फीफा भी इस्तेमाल में लेगा। लगातार रणनीति के पालन के कारण हमें अच्छी सफलता मिल रही है। इसका प्रमाण जारी एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप में देखने को मिल रहा है।”
एएफसी की उम्र से संबंधित गड़बड़ियों को लेकर रणनीति स्वास्थ्य परीक्षण, कागजी प्रमाण और खिलाड़ियों एवं अधिकारियों को इस बारे में जानकारी देने पर आधारित है।
dharmpath.com dharmpath