भोपाल में कांग्रेस का धरना जारी

भोपाल, 27 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने विधानसभा भवन (मिंटो हॉल) के सामने स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को भाजपा सरकार और नगर निगम द्वारा हटाने की कोशिशों के विरोध में कांग्रेस का धरना जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों ने धरना दिया।

पिछले दिनों गांधी प्रतिमा को हटाने के लिए नगर निगम का अमला पहुंचा गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण इस कार्रवाई को रोक दिया गया था। उसी दिन कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने गांधी प्रतिमा को उक्त स्थान से न हटने देने के लिए संघर्ष करने का ऐलान किया था।

कांग्रेस की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, विगत एक पखवाड़े से कांग्रेस द्वारा पुराने विधानसभा स्थित मिंटो हाल प्रांगण में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 70 वर्ष पुरानी प्रतिमा को हटाने की भाजपा सरकार की कोशिश के विरोध में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

बयान के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस, मोर्चा संगठनों के नेतृत्व में चल रहे धरना-प्रदर्शन में प्रत्येक दिन सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।

बयान में कहा गया है कि पिछले एक पखवाड़े से जारी आंदोलन के तहत मंगलवार को मिंटो हाल प्रांगण में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप भोपाल के वार्ड क्र. 77 के पार्षद कमरूलउद्दीन दाओदी के नेतृत्व में धरना दिया गया। धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर दीपचंद यादव, विभा पटेल, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मो. सगीर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493