लखनऊ, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में गुरुवार सुबह से ही धूप निकलने से जहां तापमान और उमस में मामूली वृद्घि हुई है, वहीं पूर्वांचल के कई जिलों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर कहीं सामान्य तो कहीं तेज बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में कहीं धूप कहीं बदली का असर दिखेगा। लखनऊ व आसपास के इलाकों में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्घि दर्ज की जाएगी। पूर्वाचल में रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, कानपुर का 20.1 डिग्री, गोरखपुर का 22 डिग्री, झांसी का 23 डिग्री और इलाहाबाद का 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath