एक भी देश के हटने पर नहीं हो सकता दक्षेस शिखर सम्मेलन : नेपाल

काठमांडू, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के वर्तमान अध्यक्ष नेपाल ने शुक्रवार को कहा कि दक्षेस का अगर एक भी सदस्य सम्मेलन में शामिल होने से असमर्थता जताता है, तो शिखर सम्मेलन का आयोजन संभव नहीं है।

भारत, भूटान, बांग्लादेश तथा अफगानिस्तान के 19वें दक्षेस शिखर सम्मेलन में हिस्सा न लेने के फैसले के बाद एक बयान में नेपाल ने कहा कि इस बात में कोई शक नहीं कि सम्मेलन अब संभव नहीं है, क्योंकि एक भी सदस्य अगर इसमें शामिल होने से असमर्थता जताता है, तो इसका आयोजन नहीं हो सकता।

इससे पहले, अपने बयान में नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सभी सदस्य देशों से सम्मेलन में शामिल होने के लिए एक अनुकूल माहौल बनाने की अपील की थी।

बयान में यह भी कहा गया कि सम्मेलन का अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होना किसी भी देश के हित में नहीं है और नेपाल उम्मीद करता है कि मेजबान देश पाकिस्तान क्षेत्रीय बैठक को आयोजित कराने के लिए आवश्यक पहल करेगा।

पाकिस्तान आगामी शिखर सम्मेलन का मेजबान देश है। भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद चार देशों द्वारा सम्मेलन में शामिल होने से असमर्थता जताने के बाद इस मंच पर सवालिया निशान लग गया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “दक्षेस के अध्यक्ष के तौर पर नेपाल अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। नेपाल ने पहले ही सदस्य राष्ट्रों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द बैठक के आयोजन के लिए अनुकूल माहौल बनाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493