किशनगंज, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तालाब में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई।
कोचाधामन के थाना प्रभारी सी़ पी़ यादव ने बताया कि रहमतपाड़ा गांव की कई लड़कियां दोपहर रहमतपाड़ा-मस्जिद स्थित गाड़ीसार तालाब में स्नान करने गई थी। इसी दौरान चार बच्चियां गहरे पानी में चली गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अलीमुद्दीन की सात वर्षीय पुत्री तौसन नाज, नूरुल होदा की आठ वर्षीय पुत्री सादिया नूर, याकूब आलम की आठ वर्षीय पुत्री शमय्या परवीन और तौकीर आलम की सात वर्षीय पुत्री जन्नती परवीन के रूप में की गई है।
यादव ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से सभी चारों शवों को शनिवार शाम तालाब से निकाल लिया गया है।
कोचाधामन प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की कारवाई प्रारंभ कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath