भोपाल, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में रविवार को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई जा रही है। दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए गए मार्गो पर चलने का संकल्प लिया जा रहा है।
राजधानी के गांधी भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वच्छता के लिए लोगों से मानसिकता में बदलाव लाने का आह्वान किया।
इसी तरह पुराने विधानसभा भवन (मिंटो हॉल) के समक्ष स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर गांधी जी को याद किया गया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति भी बनी।
पुलिस मुख्यालय के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने स्वच्छता दिवस पर झाड़ू लगाए। इस मौके पर शुक्ला ने कहा कि आज का स्वच्छता अभियान का कार्यक्रम केवल औपचारिक न हो, बल्कि यह सुनिश्चित करें कि प्रदेश के समस्त पुलिस परिसरों में नियमित रूप से सफाई हो।
ग्वालियर में आयोजित समारोह में कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सारा देश एक है और कांग्रेस नियंत्रण रेखा के पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक्स के लिए देश की सेना को बधाई देती है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी गांधी जी व शास्त्री जी जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर भजन कीर्तन के दौर चल रहे हैं। जगह-जगह स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। सड़कों, गलियों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का आहवान किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath