बीएसएफ ने भारत में घुस आए पाकिस्तानी बच्चे को वापस भेजा

फिरोजपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऐसे समय में जब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को एक 12 वर्षीय पाकिस्तानी को वापस उसके देश को सौंप दिया। वह पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में अनजाने में भारतीय सीमा क्षेत्र में घुस आया था।

बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के कसूर जिले के धारी गांव के रहने वाले मोहम्मद तनवीर को बीएसएफ के जवानों ने रविवार को पकड़ा था। ये जवान पंजाब के किसानों के साथ उनकी फसलों की रखवाली कर रहे थे। इन किसानों के खेत कंटीले तारों की बाड़ के उस तरफ भी हैं।

लड़के को फिरोजपुर सेक्टर के दोना तेलु मल सीमा चौकी इलाके से पकड़ा गया था।

बीएसएफ के प्रवक्ता ने कहा, “वह अनजाने में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय सीमा में घुस गया था। वह पाकिस्तानी सीमा में अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा के पास अपने जानवरों को चरा रहा था और बहुत प्यासा था। वह भारतीय सीमा में एक ट्यूबवेल से पानी पीने के लिए आया था।”

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स से सोमवार को संपर्क किया गया और अनजाने में सीमा पार कर आने वाले तनवीर को मानवीय आधार पर उन्हें सौंप दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493