गोल्फ : हीरो महिला इंडियन ओपन का 10वां संस्करण नवंबर में

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में महिला गोल्फ की सबसे बड़ी प्रतियोगिता हीरो वुमंस इंडियन ओपन का 10वां संस्करण अगले महीने गुड़गांव के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में सात से 13 नवम्बर में खेला जाएगा।

भारतीय महिला गोल्फ संघ (डब्ल्यूजीएआई) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।

इस बार टूर्नामेंट की ईनामी राशि 400,000 डॉलर रखी गई है।

यह टूर्नामेंट लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) और डब्ल्यूजीएआई दोनों से मान्यता प्राप्त है। इस टूर्नामेंट में देश-विदेश की कुल 114 महिला गोल्फर हिस्सा लेती नजर आएंगी।

रियो ओलम्पिक-2016 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं अदिती अशोक भी इस टूर्नामेंट में अपनी किस्मत अजमाने उतरेंगी। वह घरेलू धरती पर पहला एलईटी टूर्नामेंट खेलेंगी। उनके अलावा दिल्ली की वाणी कपूर, नेहा त्रिपाठी, अमनदीप द्राल, शार्मिला निकोलेट टूर्नामेंट में भारत की ओर से मजबूत चेहरा होंगी।

पिछले साल इस खिताब को अपने नाम कर चुकीं डेनमार्क की एमिली क्रिस्टाइन पेडर्सन की कोशिश खिताब बचाने की होगी। वहीं, अमेरिका की ब्रिटनी ग्रेस लिंसिकोम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। वह पहली बार भारत में खेलती नजर आएंगी।

हीरो वुमंस इंडियन ओपन और डब्ल्यूजीएआई के मुख्य प्रायोजक हीरो मोटोकॉर्प के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन मुंजाल ने कहा, “हीरो देश में महिला गोल्फ को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह टूर्नामेंट भारत की युवा महिला खिलाड़ियों को विश्व की दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका देगा।”

डब्ल्यूजीएआई की अध्यक्ष कविता सिंह ने इस मौके पर कहा, “हीरो वुमंस इंडियन ओपन का यह 10वां संस्करण है। अभी तक का यह सफर शानदार रहा है। इसने विश्व गोल्फ में अपना एक मुकाम बनाया है और शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बात की गवाह है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493