नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा हालात की समीक्षा के लिए शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर जैसलमेर जाएंगे।
यहां आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, समीक्षा बैठक में जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल हिस्सा लेंगे।
इस दौरान, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शीर्ष अधिकारी तथा चारों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
राजनाथ मुख्यमंत्रियों के साथ भी एक बैठक करेंगे।
सीमा पर हालात के आकलन के लिए गृहमंत्री राजस्थान के सीमांत इलाकों तथा सीमा चौकियों का दौरा करेंगे।
गृहमंत्री बाड़मेर में आठ अक्टूबर को बीएसएफ के अधिकारियों के साथ अलग से एक बैठक करेंगे।
dharmpath.com dharmpath