सेना को बदनाम कर ही भाजपा : आप

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भारतीय सेना के पराक्रम को कमतर आंकने का आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर व पार्टी प्रवक्ता जी.वी.एल. नरसिम्हा राव को सेना से माफी मांगनी चाहिए।

आप के नेता संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी पर्रिकर और राव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी।

उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा, “हम भारतीय सेना को बदनाम करने वाला बयान देने वाले पर्रिकर और राव से माफी मांगने की मांग करते हैं। हमारी पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख दिलीप पांडे और अन्य नेता जल्द ही दोनों भाजपा नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।”

दरअसल, 29 सितंबर की रात सीमा पार जाकर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पहली अक्टूबर को पर्रिकर ने भारतीय सेना की तुलना रामभक्त हनुमान से की थी और कहा था कि जैसे हनुमान को लंका जाने से पहले उन्हें उनके बल के बारे में याद दिलानी पड़ी थी, उसी तरह हमारी सेना को उसकी ताकत की याद दिलानी पड़ी, तब उसने अपना पराक्रम दिखाया।

सिंह ने कहा कि इसी तरह भाजपा प्रवक्ता राव ने बुधवार को सेना को बदनाम करने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना 70 साल में ऐसा सर्जिकल स्ट्राइक करने का दम नहीं दिखा पाई, अब (भाजपा के शासन में) कर पाई है।

आप नेता ने कहा कि भारतीय सेना का गौरवशाली अतीत रहा है। इसने 1948, 1965, 1971 और 1999 में हुए युद्ध में पाकिस्तान को हराया था और 15 साल में नौ बार सर्जिकल स्ट्राइक कर चुकी है। भाजपा के ये दोनों नेता पार्टी को श्रेय दिलाने के लिए सेना को बदनाम कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493