कश्मीर भारत का अभिन्न अंग नहीं : पाकिस्तानी संसद

इस्लामाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी संसद ने शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित कर कश्मीरियों के साथ एकजुटता जाहिर की और कहा कि जम्मू एवं कश्मीर भारत का अभिन्न अंग नहीं है।

पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने इस आशय का प्रस्ताव पटल पर रखा जो संसद के संयुक्त सत्र के तीसरे दिन पारित हो गया। प्रस्ताव में उड़ी हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता के आरोप को निंदनीय बताया गया है।

पाकिस्तान में ‘सर्जिकल स्ट्राइक के झूठे दावों’ की भी प्रस्ताव में निंदा गई और कहा गया कि ‘भारतीय जासूस कुलभूषण यादव बलूचिस्तान में आतंकवाद फैला रहा था।’

प्रस्ताव में ‘कश्मीर में बड़े पैमाने पर मानवाधिकार उल्लंघन’ की स्वतंत्र जांच करने का अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अनुरोध भी किया गया है।

टीवी चैनल जियो न्यूज के अनुसार, ‘प्रस्ताव में भारतीय बल प्रयोग की निंदा की गई और निर्दोष कश्मीरियों की पीड़ा पर ध्यान देने के लिए विश्व बिरादरी से अनुरोध किया गया।’

इसमें यह कहा गया कि पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर भारत के साथ बातचीत करने को राजी है, बशर्ते संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव के अनुरूप मसले का हल निकाला जाए और राज्य में जनमत संग्रह कराया जाए।

प्रस्ताव पारित करने के बाद विपक्षी दल पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने कश्मीर मुद्दे से निपटने को लेकर सरकार से कुछ कड़े सवाल पूछे।

पीपीपी की सांसद शेरी रहमान ने पाकिस्तान की विदेश नीति की आलोचना करते हुए पूछा, “क्यों हम पाकिस्तानी संघ की गंभीर, निरंतर और दीर्घकालिक रक्षा की व्यवस्था करने में कामयाब नहीं हुए हैं?”

संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बयान का उल्लेख करते हुए शेरी रहमान ने कहा, “विदेश नीति की दृष्टि से कश्मीर हमारे लिए महत्वपूर्ण मुद्दों में एक है। आप एक बयान के जरिए कश्मीर नीति का निर्माण नहीं कर सकते हैं।”

संसद का संयुक्त सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

गत बुधवार को संसद के संयुक्त सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा था कि आतंकी कमांडर बुरहान वानी की ‘शहादत के बाद कश्मीर की आजादी की लड़ाई’ ने एक नया मोड़ ले लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493