पर्थ, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम को शुक्रवार को आस्ट्रेलियन हॉकी लीग (एएचएल) में विक्टोरिया वाइकिंग्स के खिलाफ खेले गए संघर्षपूर्ण सेमीफाइनल मुकाबले में 4-3 से हार मिली।
भारतीय टीम को विक्टोरिया टीम के खिलाफ 3-3 से बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा।
भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा। तीन गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने वरुण कुमार की हैट्रिक की मदद से स्कोर बराबर कर दिया। लेकिन, कुमार की हैट्रिक के बावजूद भारतीय टीम प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ जीत हासिल कर पाने में नाकाम रही।
मुकाबले के पहले क्वार्टर की शुरुआत दोनों टीमों ने काफी अच्छी की। हालांकि, दोनों ओर से इसमें एक भी गोल नहीं दागा गया।
विक्टोरिया की टीम ने दूसरे क्वार्टर में भारत के खिलाफ तीन गोल किए। टीम की ओर से यह गोल क्रिस सिरिएलो और आरोन क्लेइनशेमिदित ने किए।
क्रिस ने विक्टोरिया के लिए दो गोल दागे और आरोन के गोल की बदौलत दूसरे क्वार्टर में टीम ने भारत पर 3-0 से बढ़त बना ली।
भारत की ओर से वरुण ने 38वें, 54वें और 56वें में तीन गोल किए, जिसके कारण दोनो टीमों का मुकाबला 3-3 से बराबरी पर आ गया।
मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें विक्टोरिया टीम एक मौका गंवाते हुए चार गोल दागने में सफल रही।
भारतीय टीम पेनाल्टी शूटआउट में दो अवसर गंवाते हुए तीन गोल ही दाग पाई और विक्टोरिया को 4-3 से जीत मिली।
अब भारतीय टीम रविवार को कांस्य पदक के लिए मुकाबले में उतरेगी।
dharmpath.com dharmpath