आईएसएल : मुम्बई ने नार्थईस्ट को 1-0 से हराया, फोर्लान ने दागा गोल

मुम्बई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपने मर्की खिलाड़ी, कप्तान और हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सत्र के सबसे बड़े स्टार डिएगो फोर्लान कोराजो द्वारा 55वें मिनट में पेनाल्टी किक पर किए गए गोल की बदौलत मुम्बई सिटी एफसी ने शुक्रवार को मुम्बई फुटबाल एरेना में खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-0 से हरा दिया।

पहले मुकाबले में एफसी पुणे सिटी के खिलाफ अपने साथी मथायस डिफेड्रिको को गोल करने में मदद करने वाले उरुग्वे के फोर्लान ने इस अहम मुकाबले में कोई जोखिम नहीं लिया और कप्तान होने के नाते पेनाल्टी पर खुद ही गोल करने का फैसला किया और सफल भी रहे।

रेफरी एफ. गुइरेरो ने बाक्स एरिया में रीगन सिंह द्वारा प्रणय हलधर को गिराए जाने के बाद मुम्बई के हक में पेनाल्टी का फैसला सुनाया था।

पहला हाफ काफी रोचक रहा। यह अलग बात है कि किसी टीम को सफलता नहीं मिली, लेकिन यह कहा जा सकता है कि इस हाफ में खेल की जीत हुई। नार्थईस्ट को इस हाफ का सबसे बड़ा मौका उस समय मिला जब कात्सुमी युसा को निकोलस लिएंड्रो वेलेज ने बाक्स में एक बेहतरीन पास दिया।

पहले मैच में केरला के खिलाफ गोल करने वाले युसा को सिर्फ उस गेंद को मुम्बई के गोलकीपर रोबटरे वोल्पातो नेतो को छकाकर गोलपोस्ट में डालना था, लेकिन उनका प्रयास नाकाम रहा और गेंद गोलपोस्ट के काफी ऊपर से बाहर चली गई। इस तरह युसा ने एक सुनहरा मौका गंवा दिया।

पहले हाफ में मेजबान टीम ने गेंद को अधिक समय तक अपने पास रखा, लेकिन मेहमान टीम ने उससे अधिक हमले किए। दोनों टीमों ने इस हाफ में काफी तेज और आक्रामक खेल दिखाया। दूसरे हाफ में भी लगभग यही नजारा रहा।

अगर रीगन ने फाउल नहीं किया होता तो शायद मैच का परिणाम कुछ और होता। मुम्बई को जो एक मौका मिला, उसे उसने गंवाया नहीं और छह अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। नार्थईस्ट अभी भी पहले स्थान पर है।

इस मैच का सारा निचोड़ अंतिम तीन मिनट मे दिखा। नार्थईस्ट को इस दौरान तीन कार्नर मिले, लेकिन वह एक को भी गोल में नहीं बदल पाई। दूसरी ओर, मुम्बई ने भी इस मैच में कई हमले किए और अपने हिस्से आए एक मौके को भुनाकर विजेता बना।

नार्थईस्ट युनाटेडड का यह तीसरा मैच था जबकि मुम्बई टीम दूसरा और इस सत्र में अपने घर में पहला मैच खेल रही थी। मुम्बई ने अपने पहले मैच मे एफसी पुणे सिटी को उसी के घर में 1-0 से हराया था। नार्थईस्ट ने अपने पहले मैच में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से और फिर दूसरे मैच में एफसी गोवा को 2-0 से हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493