द हेग, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नीदरलैंड्स ने फीफा विश्व कप-2018 क्वालीफायर में ग्रुप-ए के मैच में बेलारूस को 4-1 से करारी शिकस्त दी है।
पिछले महीने स्वीडन के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद नीदरलैंड्स को यहां जीत की जरूरत थी। डे कुइर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड्स ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, कोच डैन ब्लाइंड ने स्वीडन के खिलाफ मैदान में उतरने वाली टीम को ही इस मैच में उतारा। हालांकि उन्होंने मार्टिन स्टेकेलनबर्ग को जेरओएन जोएट के ऊपर तरजीह देते हुए गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही चोटिल दारयल जानमाट की जगह रिक कार्सडोर्प को टीम में जगह दी।
नीदरलैंड्स के लिए पहला गोल क्विसी प्रोमेस ने 15वें मिनट में किया। प्रोमेस ने ही 31 वें मिनट में एक और गोल कर टीम को दो गोल से आगे कर दिया।
पहले हाफ में दो गोल से पिछड़ने वाली बेलारूस की टीम ने दूसरे हाफ की अच्छी शुरुआत की और 47वें मिनट में एलेक्से रियोस ने गोल कर टीम को पहली सफलता दिलाई।
लेकिन इसके बाद बेलारूस की टीम कोई गोल नहीं कर पाई।
वहीं नीदरलैंड्स के लिए 55वें मिनट में डेवी क्लासेन और 64वें मिनट में विसेंट जानसेन ने दो और गोल कर टीम को 4-1 से बड़ी जीत दिला दी।
सोमवार को नीदरलैंड्स का मुकाबला एम्स्टर्डम में फ्रांस से होगा, वहीं बेलारूस. लक्जमबर्ग के खिलाफ भिड़ेगी।
dharmpath.com dharmpath