जेरूसलम, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। यहां रविवार को हुई गोलीबारी की एक घटना में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया है।
‘हारेत्ज न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार गोलीबारी की यह घटना इजरायल पुलिस के राष्ट्रीय मुख्यालय के निकट एम्युनेशन हिल लाइट रेल स्टेशन पर हुई।
इजरायल की राष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा, आपदा, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक सेवा ‘मैगन डेविड एडम’ के मुताबिक प्रारंभिक गोलीबारी के दौरान दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और तीन को मामूली चोटें आईं।
उसके बाद एक अन्य को नजदीकी क्लेरमोंट गन्नेउ स्ट्रीट पर गोली मारकर घायल कर दिया गया। उसके बाद हमलावर शेख जर्राह की ओर भाग गया, जहां दो इजरायली पुलिस कर्मियों को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने हमलावर को गोली मार दी। उसकी कुछ समय बाद मौत हो गई। हमलावर की पहचान पूर्वी जेरूसलम के शेख जर्राह इलाके के एक 39 वर्षीय निवासी के रूप में की गई है।
हारेत्ज न्यूज के मुताबिक, फिलिस्तीनी संगठन हमास ने हमले का समर्थन करते हुए इसे ‘आधिपत्य के अपराध के खिलाफ सहज प्रतिक्रिया’ करार दिया है।
dharmpath.com dharmpath