भुवनेश्वर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुर्गा पूजा समारोह की ओडिशा के दोनों शहरों -भुवनेश्वर और कटक- में धूम है। लोगों की भीड़ पूजा पंडालों में देवी दुर्गा के आशीर्वाद के लिए जुटने लगी है।
करीब 300 से ज्यादा प्रमुख पूजा पंडाल और असंख्य छोटे पंडाल कटक और भुवनेश्वर में सजावट और झिलमिलाती रोशनी से जीवंत हो उठे हैं। लोग एक पंडाल से दूसरे पंडाल में कई विषयों पर बनी झांकियों की सजवाट देखने के लिए जा रहे हैं।
दोनों शहरों में लोग मॉल में खरीदारी और भोजनालयों में व्यंजन का आनंद उठा रहे हैं।
हालांकि, मौसम दुर्गा पूजा समारोह को बिगाड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा दबाव क्षेत्र बनने के कारण बारिश की आशंका जताई गई है।
भुवनेश्वर के मौसम कार्यालय के निदेशक सरत चंद्र साहू ने कहा, “बारिश 10 अक्टूबर तक जारी रहेगी। हालांकि इसमें अंतराल के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।”
दशहरा में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दोनों शहरों में पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस आयुक्त वाई.बी. खुरानिया ने कहा कि पुलिस ने पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान वाहन यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
dharmpath.com dharmpath