कुदुस (इंडोनेशिया), 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी किरन जॉर्ज को ब्लिबली डॉट कॉम एशिया जूनियर चैम्पियनशिप के अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में थाइलैंड के कुनलावुत वितिदसारन से हार का सामना करना पड़ा।
टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय कुनलावुत ने फाइनल मुकाबले में किरन को 17-21, 21-15, 21-12 से मात देते हुए खिताबी जीत हासिल की।
यह मैच पूरे 50 मिनट तक चला। किरन ने अपने थाई प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम जीत लिया।
लेकिन शीर्ष वरीय कुनलावुत ने गैर वरीय किरन के खिलाफ इसके बाद शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम अपने नाम करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
इससे पहले, कोच्चि के रहने वाले किरन जॉर्ज ने शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के अल्बटरे एलविन युलियांतो को 21-16, 19-21, 24-22 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी।
किरन इस समय बेंगलुरू में प्रकाश पादुकोण अकादमी से बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath