लखनऊ में रावण फूंकेंगे प्रधानमंत्री, भाजपा तैयारी में जुटी

लखनऊ , 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पहली बार दशहरे पर लखनऊ आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की भव्य तैयारी की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मोदी के स्वागत में हवाईअड्डे से रामलीला मैदान तक सड़क के दोनों ओर केसरिया झंडे और बैनर लगाए जा रहे हैं। हालांकि इसको लेकर भाजपा और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बातचीत चल रही है।

राजधानी में प्रधानमंत्री की अगवानी केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। अपने संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए राजनाथ सोमवार की शाम को ही लखनऊ पहुंच रहे हैं। वह मंगलवार को हवाईअड्डे पर प्रधानमंत्री की अगवानी करने के बाद उनके साथ रामलीला मैदान जाएंगे, जहां रावण दहन किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं की योजना हवाईअड्डे के बाहर मानव श्रृंखला के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत करने की है। इसको लेकर पार्टी नेता, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बातचीत चल रही है।

हवाईअड्डे से रामलीला मैदान पहुंचने के मोदी के रास्ते में पार्टी केसरिया झंडे और बैनर लगाएगी। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा, “सुरक्षा कारणों से हम उस तरह का स्वागत नहीं कर पा रहे हैं, जिस तरह कार्यकर्ताओं की इच्छा है, लेकिन हम प्रधानमंत्री की भव्य अगवानी करेंगे।”

मंच के आस-पास तक वही लोग पहुंच सकेंगे, जिनके पास सुरक्षा एजेंसियों के ‘पास’ होंगे। प्रधानमंत्री के साथ राजनाथ सिंह, महापौर डॉ. दिनेश शर्मा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और व्यवस्था में लगे एक-दो नेता ही मंच पर होंगे।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दशहरा पर लखनऊ आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लखनऊ के मेयर डॉ. दिनेश शर्मा के घर जा सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493