नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सोमवार को केरल में ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गुंडों द्वारा अपने एक नेता की हत्या’ की निंदा की। पार्टी ने आरएसएस और उसके सहयोगियों पर वाममोर्चा के लोगों पर जानलेवा हमले करने का आरोप लगाया है।
माकपा ने कहा कि हथियारों से लैस आरएसएस कार्यकर्ताओं का समूह एक ताड़ी की दुकान में घुसा और वहां काम कर रहे के. मोहनन (52) की काटकर हत्या कर दी।
माकपा के बयान में कहा गया कि उनके शरीर पर करीब 30-40 गंभीर घाव थे। इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के निर्वाचन क्षेत्र धर्मादोम में यह माकपा कार्यकर्ता की हत्या की दूसरी घटना है।
बयान में कहा गया है कि इससे पहले आरएसएस कार्यकर्ताओं ने माकपा के विजय जलूस पर इसी निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के दिन हमला किया था, जिसमें माकपा कार्यकर्ता रवींद्रनाथ की मौत हो गई थी।
पार्टी ने हत्या के ताजा मामले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
बयान में कहा गया है, “यह जघन्य हत्या तब हुई है जब भाजपा के कई समूह केरल में आरएसएस कार्यकताओं पर हमले के खिलाफ माकपा के दिल्ली मुख्यालय पर जूलूस निकाल रहे हैं।”
बयान में कहा गया है कि ‘माकपा के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार के सत्ता संभालने के बाद की छोटी अवधि में करीब 6 माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है और करीब 300 सदस्य आरएसएस के हमलों में घायल हो चुके हैं।’
माकपा ने कहा, “पार्टी के 35 कार्यालयों को हमला कर नष्ट कर दिया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं के 80 घरों पर हमला कर नुकसान पहुंचाया गया है।”
dharmpath.com dharmpath