मोनिका घुर्डे की हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ : पुलिस

पणजी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा में सेलेब्रिटी परफ्यूमर मोनिका घुर्डे हत्याकांड के सिलसिले में बेंगलुरू से 21 वर्षीय पूर्व सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया गया है और उसपर पीड़िता के साथ दुष्कर्म का भी आरोप लगाया गया है।

पणजी में संवाददाताओं से बातचीत में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) विमल गुप्ता ने कहा, “पूछताछ के दौरान पीड़िता से दुष्कर्म की बात स्वीकारने के बाद गोवा पुलिस ने पंजाब के रहने वाले राजकुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।”

मोनिका घुर्डे (39) बीते गुरुवार को सनगोल्डा गांव में अपने तीन बेडरूम के अपार्टमेंट में मृत पाई गई थी। उनके शरीर पर कपड़े नहीं थे और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण गला घोंटना बताया गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि राजकुमार ने घुर्डे को बिस्तर से बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। राजकुमार ने उनके पर्स से चार हजार रुपये तथा एक एटीएम कार्ड भी चुरा लिया था।

गुप्ता ने कहा, “उसने घुर्डे पर अपना एटीएम पिन बताने का दबाव बनाया, जिसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।”

पुलिस ने बेंगलुरू से पूर्व सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया, जब वह पीड़िता के एटीएम कार्ड से पैसे निकाल रहा था।

राजकुमार पहले उसी अपार्टमेंट में काम करता था, जहां पीड़िता रहती थी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने की घुर्डे की शिकायत के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

राजकुमार को मंगलवार को एक स्थानीय दंडाधिकारी ने छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493