नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय सिल्क निर्यात संवर्धन परिषद द्वारा 15 अक्टूबर से आयोजित किए जा रहे 5वें अंतर्राष्ट्रीय सिल्क मेले का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबीन इरानी करेंगी। 15 से 17 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में 5 करोड़ डॉलर से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने अपने संदेश में उत्पाद विशेष प्रदर्शनी के आयोजन के लिए भारतीय सिल्क निर्यात संवर्धन परिषद की सराहना करते हुए कहा, “इस प्रदर्शनी में छोटे और मझोले उद्यमियों को विदेशी खरीदारों के लिए अपनी विशिष्ट उत्पाद दिखाने का अवसर मिलेगा। भारतीय सिल्क निर्यात संवर्धन परिषद 100 विदेशी खरीदारों की यात्रा प्रायोजित कर रही है। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न भागों में निर्मित सिल्क और सिल्क मिश्रित उत्पाद दिखाए जाएंगे। ये उत्पाद पूरे विश्व में निर्यात किए जाते हैं।”
भारतीय सिल्क बहुत महत्वपूर्ण है। यह ग्रामीण और कृषि आधारित है और इससे लगभग 70 लाख लोगों की आजीविका चलती है। भारत विश्व में सिल्क का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। सिल्क उत्पादक देशों में सिल्क के उत्पादन में गिरावट आ रही है जबकि भारत में सिल्क उत्पादन निरंतर रूप से बढ़ रहा है। भारत विश्व में अकेला देश है जो बैंगनी सिल्क, तसर सिल्क, ईरी तथा मूगा सिल्क का उत्पादन करता है। यह मेला भारत सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के संकल्प के अनुरूप है।
dharmpath.com dharmpath