काठमांडू, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के बाद भारत ने नेपाल के बीरगंज शहर से लगी अपनी खुली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है।
‘द हिमालयन टाइम्स’ की शुक्रवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विरोधी तत्वों द्वारा खुली सीमा का फायदा उठाकर नेपाल से भारत में घुसपैठ की आशंका को लेकर भारतीय सुरक्षाबलों ने सीमा पारगमन केंद्रों पर सुरक्षा जांच व निगरानी बढ़ा दी है।
बारा जिले के आदापुर, घोड़ाडाना तथा घोड़ासहाय में सुरक्षा चाक-चौैबंद कर दी गई है। इन पारगमन केंद्रों से चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
भारतीय अधिकारियों ने कहा कि एंबुलेंस व बारात पार्टियों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों को सीमा जांच चौकी तथा अन्य चौकियों से गुजरने पर रोक लगा दी गई है।
नेपाल के साथ लगी सीमा पर रक्सौल-विश्वा, पारसौनी-भेलाई, सिरसिया-रक्सौल, जानकीटोल-इनारूवा, थोरी तथा विश्वा-थोरी पारगमन केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath