नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। सरकार ने इस त्योहारी मौसम में लोगों को उचित मूल्य पर दालों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए डाक के माध्यम से रियायती दालों को वितरित करने तथा बफर स्टॉक से अधिक मात्रा में चना जारी करने का फैसला किया है।
यह फैसला उपभोक्ता मामलों के सचिव हेम पांडे की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां संपन्न आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर अंतर मंत्रालयी समिति में लिया गया।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस समिति ने आवश्यक वस्तुओं मुख्यत: दालों की उपलब्धता और कीमतों की समीक्षा की और सुझाव दिया कि राज्यों में सरकारी आउटलेट के अभाव में डाक नेटवर्क का उपयोग वितरण के लिए किया जाना चाहिए।
बयान के अनुसार, समिति ने सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीफ दालों की खरीद के प्रबंधों की समीक्षा भी की। बैठक में कहा गया कि अब तक 500 खरीद केंद्र खोले जा चुके हैं, जहां किसानों को चेक या बैंक हस्तांतरण प्रणाली के माध्यम से तुरंत भुगतान किया जा रहा है। सरकार ने चालू सत्र में 50,000 टन खरीफ दालों की खरीद का लक्ष्य रखा है।
बैठक में कृषि, खाद्य, वाणिज्य, राजस्व, एमएमटीसी, नैफेड के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath