अल्टो पोरवोरिम (गोवा), 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा में आयोजित दो दिवसीय पीपुल्स फोरम ऑन ब्रिक्स ने शुक्रवार को 8वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एक घोषणा पत्र जारी किया और ब्रिक्स राष्ट्रों से सामाजिक, आर्थिक व पर्यावरण न्याय से संबंधित मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की। दो दिवसीय फोरम में कम से कम 10 देशों के कई सामाजिक आंदोलनों व सिविल सोसायटियों ने हिस्सा लिया।
फोरम ने दुनिया में कई देशों द्वारा प्रतिक्रियावादी व साम्राज्यवादी ताकतों द्वारा झेले जा रहे खतरों पर जोर दिया। इस दौरान, ब्राजील में हुए तख्तापलट का भी जिक्र किया गया, जिसमें जनता की चुनी हुई सरकार उखाड़ फेंकी गई। प्रतिनिधियों ने भारत व दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों में लोगों के आंदोलन व छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को सरकार द्वारा दबाने की घटना को भी संज्ञान में लिया।
घोषणापत्र में निगमों के नेतृत्व में सरकार की मिलीभगत से दुनियाभर में व्यापक स्तर पर पारिस्थितिकी विनाश का भी जिक्र किया गया है।
फोरम ने दुनिया की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था का भी जिक्र किया, जो ब्रिक्स के कई देशों में स्टॉक व नकदी बाजार में आए संकट की वजह से एक और आर्थिक मंदी की ओर बढ़ रहा है।
गोवा में आयोजन स्थल जेवियर्स रिसर्च सेंटर फॉर हिस्टोरिकल रिसर्च में इकट्ठा हुए सामाजिक आंदोलनों व प्रगतिशील संगठनों ने सामाजिक, आर्थिक व पर्यावरण न्याय के लिए अपनी मांग पर विजय पाने के अपने इरादे का प्रदर्शन किया।
dharmpath.com dharmpath