बेनॉलियम (गोवा), 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां कहा कि ‘भारत के पुराने मित्र’ रूस ने आतंकवाद के मामले में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है।
मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, “आतंकवाद का मुकाबला करने की जरूरत के मामले में रूस का हमारे जैसा ही स्पष्ट रुख है।”
मोदी ने कहा कि वह ‘सीमा पार के आतंकवाद से लड़ने की कार्रवाई में रूस के सहयोग’ की तह-ए-दिल से प्रशंसा करते हैं।
भारतीय सैन्य शिविरों पर पाकिस्तानी आतंकवादियों के हमले के मद्देनजर ये टिप्पणियां महत्वपूर्ण हैं, जिसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल कार्रवाई की थी।
भारत ने पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए कूटनीतिक कदम उठाए हैं।
मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बेहद खास संबंध हैं। उन्होंने साथ ही एक रूसी कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि रूस में कहा जाता है कि ‘एक पुराना मित्र दो नए मित्रों से बेहतर होता है।’
मोदी ने भारत के साथ संबंध मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन के निरंतर व्यक्तिगत प्रयास के लिए उनकी प्रशंसा भी की।
मोदी ने कहा, “(भारत के साथ संबंध मजबूत करने में) आपका व्यक्तिगत ध्यान हमारे संबंधों की मजबूती की प्रेरणा है, आपके नेतृत्व ने हमारी सामरिक साझेदारी को स्थिरता और मजबूती प्रदान की है। हमारा रिश्ता बेहद खास है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके और पुतिन के बीच बेहद सफल बातचीत हुई है।
भारत और रूस ने ऊर्जा, रक्षा और आर्थिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों में 16 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों नेताओं ने कुडनकुलम संयंत्र की तीसरी और चौथी इकाइयों का उद्घाटन भी किया।
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच सालाना भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत एक द्विपक्षीय वार्ता हुई।
dharmpath.com dharmpath