आईएसएल : नार्थईस्ट को बराबरी पर रोक अजेय बनी रही दिल्ली

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली डायनामोज ने शनिवार को अपने घर में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोककर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में अब तक अपना अजेय क्रम बरकरार रखा है। बराबरी के इस मैच से हासिल एक अंक की बदौलत नार्थईस्ट ने कुल 10 अंकों के साथ खुद को शीर्ष पर मजबूत किया वहीं दिल्ली की टीम पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच गई।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मैच का पहला गोल पहले हाफ में दिल्ली ने किया जबकि नार्थईस्ट ने बराबरी का गोल 51वें मिनट में किया। इन गोलों से पहले और बाद में दोनों टीमों के बीच आगे निकलने की जबरदस्त होड़ लगी। इस क्रम में पूरे मैच में कुल 8 पीले कार्ड दिखाए गए। इनमें से पांच पहले और तीन दूसरे हाफ में दिखाए गए। इस सीजन में पीले कार्ड के मामले में यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है।

दिल्ली के कीन लेविस ने 38वें मिनट में पहली सफलता हासिल की। मिडफील्ड में दिल्ली के अहम खिलाड़ी बनकर उभरे भारत के लेविस ने यह गोल मार्सेले लीते परेरा द्वारा लिए गए कार्नर फ्रीकिक पर किया। परेरा ने एक अच्छा क्रास नार्थईस्ट युनाइटेड के गोलपोस्ट की ओर रवाना किया। मेहमान टीम के गोलकीपर सुब्रत पॉल इस गेंद को लपकने के लिए आगे बढ़े लेकिन गेंद ने उन्हें छका दिया। गेंद लेविस के करीब जाकर गिरी और उन्होंने बिना देरी किए इसे गोलपोस्ट में डाल दिया।

दूसरा गोल नार्थईस्ट के नाम रहा। बराबरी का यह गोल एमिलियानो एल्फारो टोस्कानो ने 51वें मिनट में किया। एल्फारो ने यह गोल अपने साथी निकोलस वेलेज के पास पर किया। वेलेज, रुबेन गोंजालेज रोचा को छकाते हुए दाएं किनारे से गोलपोस्ट की ओर बढ़े और गोलकीपर को अपनी ओर आने को मजबूर किया।

सुब्रत आगे बढ़े और वेलेज ने गेंद को एल्फारो के हवाले कर दिया। एल्फारो ने जोरदार किक लगाया। चिंगलेनसाना कोशाम सिंह ने पहले प्रयास में गोल रोकने में सफलता हासिल की लेकिन गेंद रीबाउंड होकर फिर से एल्फारो के करीब आकर गिरी। इस बार एल्फारो ने कोई गलती नहीं की और झट से चिंगलेनसाना के पैरों के बीच से गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

यह दिल्ली का तीसरा और अपने घर में पहला मैच था। दिल्ली की टीम ने अपने पहले मैच मे मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को 3-1 से हराया था और फिर उसने अपने दूसरे मैच में केरला ब्लास्टर्स को उसी के घर में गोलरहित बराबरी पर रोका था। इस लिहाज से वह अब तक अजेय है।

दूसरी ओर, नार्थईस्ट युनाइटेड का यह पांचवां मैच था। उसने अपने पहले मैच में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हराया था। दूसरे मैच में उसने एफसी गोवा को 2-0 से हराया लेकिन तीसरे मैच में मुम्बई ने उसे 1-0 से हराया। चौथे मुकाबले मे उसने एफसी पुणे सिटी पर 1-0 से जीत हासिल की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493