नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। कुछ प्रमुख मंत्रालयों के मंत्री चंडीगढ़ में दो दिन के सम्मेलन के दौरान सोमवार को पूर्वोत्तर राज्यों के क्षेत्रीय संपादकों के साथ बातचीत करेंगे। इसमें 10 राज्यों -हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तर प्रदेश, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के संपादक और वरिष्ठ मीडिया कर्मी भाग लेंगे।
क्षेत्रीय मीडिया कर्मियों को मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधे बातचीत करने का अवसर प्रदान करने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन पत्र सूचना कार्यालय द्वारा किया जा रहा है, ताकि वे सरकार की ओर से हाल में उठाए गए कदमों के गहन परिप्रेक्ष्य और कुछ प्रमुख क्षेत्रों के लिए योजनाओं की रूपरेखा से अवगत हो सकें।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, सम्मेलन का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल और संघशासित प्रदेश के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनोर और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। सम्मेलन के दौरान राजनाथ सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग, डॉ. जितेंद्र सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह, सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री, राम विलास पासवान के साथ बातचीत के सत्र होंगे।
बयान के अनुसार, इन सत्रों के दौरान मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मीडिया संचार पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया जा रहा है, ताकि प्रतिभागियों की संचार संबंधी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने के लिए उनका फीडबैक लिया जा सके।
बयान में कहा गया है कि इस अवसर पर सरकार द्वारा हाल में उठाए गए कदमों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath