रायपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से अलग होकर जनता कांग्रेस (जोगी) बनाकर सूबे की राजनीति में गर्माहट लाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के संपर्क में कांग्रेस के 17 विधायक हैं। चर्चा है कि वे रात में जोगी से मिलते हैं, मसलों पर चर्चा करते हैं और रणनीति बनाते हैं।
दावा किया जा रहा है कि अजीत जोगी के पास बाकायदा उन सभी विधायकों का कॉल डिटेल भी है, और पूरा ब्योरा भी। ये सच है या झूठ, इसको लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
यह खुलासा किया है कांग्रेस के बागी व जोगी के बेहद करीबी विधायक आर.के. राय ने। कांग्रेस में हाशिये पर चल रहे विधायक राय ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधायक व नेता अब घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक-एक कर अपने सभी आदिवासी नेताओं को निपटा रही है।
राय ने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी तक की बात भूपेश बघेल नहीं मानते। राहुल ने उनसे किसी आदिवासी नेता को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाने की बात कही थी, लेकिन पीसीसी ने उस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद पर निशाना साधते हुए आर.के. राय ने कहा कि जो आज नगरपालिका का चुनाव नहीं जीत पाए, वो उन्हें औकात दिखाने की धमकी दे रहे हैं।
राय ने कहा, “मैं गुंडरदेही से चुनाव जीता तो सिर्फ और सिर्फ खुद की बदौलत व अजीत जोगी की बदौलत, क्योंकि कांग्रेस पार्टी तो टिकट बांटकर भूल जाती है। कोई सपोर्ट नहीं करता।”
राय ने कहा कि कांग्रेस में लोग कह रहे हैं कि वेतन-भत्ता के लालच में वे विधायक पद से इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। अगर हिम्मत है तो टी.एस. सिंहदेव व भूपेश बघेल भी वेतन-भत्ता छोड़कर दिखाएं।
dharmpath.com dharmpath