आतंकवाद-रोधी लड़ाई को अंदरूनी राजनीति की लड़ाई न बनाएं : नीतीश (लीड-1)

बिहारशरीफ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां सोमवार को कहा कि आतंकवाद एक राष्ट्रीय मुद्दा है और इसके खिलाफ लड़ाई को देश की अंदरूनी राजनीति की लड़ाई नहीं बनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने ‘तीन तलाक’ के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह मुद्दा मुस्लिम धर्मगुरुओं पर छोड़ देना चाहिए।

नीतीश नालंदा के राजगीर में जद (यू) की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दूसरे दिन खुले अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश में समान नागरिक संहिता को गैरजरूरी बताते हुए कहा कि विविधता ही अपने देश की खासियत है।

उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया, “आप समान नागरिक संहिता बनाने और तीन तलाक को खत्म करने वाले कौन होते हैं?”

नीतीश ने आतंकवाद की चर्चा करते हुए कहा, “पूरा देश आतंकवाद के मुद्दे पर एकजुट है। जद (यू) आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी निर्णय में केंद्र सरकार और सेना के साथ है, लेकिन जब इसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जाएगा, तब हमारी पार्टी विरोध करेगी।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री नीतीश ने पार्टी अध्यक्ष का दायित्व मिलने पर कहा, “मुझे अब काम करने की आदत हो गई है। मैं जिम्मेदारियों से कभी भागूंगा भी नहीं। जद (यू) के लोग जिस राज्य में भी बुलाएंगे, मैं वहां जाऊंगा मगर बिहार के लिए काम करता रहूंगा।”

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में अब कोई दम नहीं है। यह केवल प्रचार के बल पर जीवित है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दशहरा के मौके पर लखनऊ में ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाए जाने और लोगों से भी लगवाने पर तंज कसते हुए नीतीश ने कहा कि किसी चुनाव से पहले ही भाजपा को क्यों भगवान राम याद आते हैं?

उन्होंने कहा, “इस मुद्दे से किसी पार्टी को किसी राज्य में तात्कालिक फायदा जरूर मिल सकता है, लेकिन राष्ट्र के लिए यह घातक है।”

नीतीश ने कहा कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का पद शरद यादव के कहने पर संभाला है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

बिहार में शराबबंदी कानून की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “शराबबंदी कानून के लागू होने के बाद आमलोगों की ओर से विरोध हुआ, लेकिन अब सराहना मिल रही है। शराबबंदी कानून में संशोधन पर चर्चा हो सकती है, लेकिन शराबबंदी कानून लागू है और लागू रहेगा। इसको लेकर किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए।”

वहीं, जद (यू) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि आज देश में आपातकाल की स्थिति है, लेकिन यह घोषित नहीं है।

यादव ने कहा, “इंदिरा गांधी के समय आपातकाल दिखती थी, लेकिन आजकल जो है सो दिखता भी नहीं है। बहुत कठिन है।”

उन्होंने कहा कि आज लोग संविधान और कानून की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक देश में एक ही कानून चलना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव केवल पैसे के दम पर जीता। लोगों को सपने दिखाए गए और देश की जनता नरेंद्र मोदी के सपने दिखाने की ‘कला’ का सच नहीं समझ सकी। लेकिन ढाई साल में ही पूरी पोलपट्टी खुल गई है। अब लोग झांसे में आनेवाले नहीं हैं।

कार्यक्रम में जद (यू) नेता क़े सी़ त्यागी ने कहा कि बिहार के लोग अब नीतीश को देश का सपना पूरा करने के लिए छोड़ दें। अब नीतीश बिहार ही नहीं, देश की जरूरत बन गए हैं।

उन्होंने कहा, “पूरा देश नीतीश को उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। बिहार के लोग अब देश के सपने पूरा करने के लिए उन्हें छोड़ दें, यह देशहित में होगा।”

उल्लेखनीय है कि राजगीर में जद (यू) की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक में पहले दिन रविवार को नीतीश कुमार को औपचारिक तौर पर अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की गई। बैठक में नीतीश को अगले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी का विकल्प बताया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493