कन्नूर में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहा आरएसएस : विजयन

तिरुवनंतपुरम, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर आरोप लगाया कि वह कन्नूर जिले में जानबूझकर आशांति फैलाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने हालांकि जिले में शांति स्थापित करने के लिए विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले विपक्ष की चर्चा की मांग से सहमति जताई।

विजयन सरकार ने मई महीने में जब से सत्ता संभाली है, कन्नूर जिले में सात राजनीतिक हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें चार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा तीन मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी.जोसेफ ने कन्नूर हिंसा पर चर्चा के लिए एक स्थगन प्रस्ताव पेश करने की मांग की है। जोसेफ कन्नूर जिले के इरिक्कुर विधासभा सीट से विधायक हैं।

उन्होंने कहा, “इस बात पर आश्चर्य होता है कि जब भी सत्ता में माकपा आती है, जिले की शांति भंग हो जाती है। यह गहरी चिंता का विषय है कि हिंसा उन पार्टियों द्वारा फैलाया जाता है, जिसमें से एक राज्य में सत्ता में है, तो दूसरा केंद्र में सत्ता में है।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि अतीत में जब भी हिंसा हुई है, मुख्यमंत्री ने शांति बैठक का नेतृत्व किया है। जोसेफ ने कहा, “लेकिन अब सात हत्याओं के बाद मुख्यमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं।”

प्रतिक्रिया में विजयन ने कहा कि जहां तक राजनीतिक हत्याओं की बात है, तो तिरुवनंतपुरम जिला शीर्ष पर रहा है, जबकि कन्नूर छठे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कन्नूर में आरएसएस जानबूझकर अशांति फैलाने का प्रयास कर रहा है। कन्नूर में अपराध को अंजाम देने वाले आरएसएस के लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने विजयन से आग्रह किया कि वे मुद्दे से ध्यान नहीं भटकाएं और समस्या के समाधान के लिए तत्काल सभी पार्टियों को वार्ता की मेज पर लाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “समय की मांग है कि हमें खुद में बदलाव लाना चाहिए। किसी को प्रतिशोधवश काम नहीं करना चाहिए। अब चांडी व अन्य नेताओं ने शांति वार्ता की बात की है, मैं तैयार हूं।”

विजयन ने कहा कि कन्नूर में स्थानीय नेताओं को बैठक के लिए बात करनी चाहिए, जिसके बाद राज्य स्तरीय नेता कन्नूर या राज्य की राजधानी में बैठक कर सकते हैं। मैं समय तय कर आपको बताऊंगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493