चीनी कर्मचारी से प्रेम प्रसंग को लेकर नीदरलैंड के राजदूत निलंबित

बीजिंग, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन में डच राजदूत को दूतावास की एक चीन कर्मचारी के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर निलंबित कर दिया गया है। मामले को लेकर एक जांच शुरू कर दी गई है।

नीदरलैंड के दूतावास में नीति अधिकारी मरिस्का ड्रिसेन ने यहां ग्लोबल टाइम्स से कहा, “मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”

अधिकारी ने कहा कि जांच जारी रहने तक राजदूत रॉन केलर (58) दूतावास के किसी भी कामकाज से दूर रहेंगे।

डच अखबार डी टेलीग्राफ के मुताबिक, दूतावास में कार्यरत एक चीनी महिला के साथ केलर का गुप्त तरीके से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इस रिश्ते के बारे में हाल ही में जानकारी सामने आई है।

रपट में कहा गया है, “चीन में नीदरलैंड के राजदूत के खिलाफ एक शिकायत की जांच की जा रही है। शिकायत प्रक्रिया की इस चरण में मंत्रालय जांच संबंधी अन्य जानकारियां साझा नहीं कर सकता।”

अखबार ने कहा कि केलर मौजूदा समय में अपने देश में है और उनके बीजिंग लौटने की संभावना नहीं है।

उन्हें चीन और मंगोलिया में दिसंबर 2015 में राजदूत नियुक्त किया गया था। बीजिंग में पद संभालने से पहले वह तुर्की, रूस और यूक्रेन में अपने सरकार का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493