महालेखाकारों का 28वां सम्मेलन गुरुवार से, राष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी गुरुवार को नई दिल्ली में महालेखाकारों के 28वें सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में पूरे देश के महालेखाकार भाग लेंगे और लेखा परीक्षण में श्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय आचरणों की समीक्षा करेंगे।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सम्मेलन में लगभग 200 महालेखाकार, भारत के पूर्व नियंत्रक और महालेखा परीक्षक, ऑडिट परामर्श बोर्ड के सदस्य, सरकारी लेखा मानक सलाहकार बोर्ड के सदस्य तथा वरिष्ठ सहकारी अधिकारी भाग लेंगे।

बयान के अनुसार, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, लोक लेखा समिति के अध्यक्ष प्रो. के.वी. थॉमस तथा भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक शशिकांत शर्मा संबोधित करेंगे। सम्मेलन के दूसरे दिन वित्तमंत्री अरुण जेटली संबोधित करेंगे।

बयान में कहा गया है कि महालेखाकार मुख्य विषय के अतिरिक्त सतत विकास लक्ष्यों से संबंधित लेखा परीक्षण, राजस्व लेखा की चुनौतियों का सामना, लेखा और पात्रता अधिकार कार्यो पर एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली का प्रभाव और स्थानीय निकायों का लेखा परीक्षण : परिदृश्य और चिंताएं विषय पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

बयान के अनुसार, इन सत्रों की सिफारिशें नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की अध्यक्षता में पूर्ण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सभी उप-नियंत्रक और महालेखा परीक्षक तथा अपर उप-नियंत्रक और महालेखा परीक्षक उपस्थित होंगे। लेखा परीक्षक का कार्य अवसंरचना तथा लोकनीति कार्यान्वयन के तरीकों तथा लेखा परीक्षण तथा लेखा कार्यो के संदर्भ में बहुत गतिशील है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493