नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उपभोक्ता जागरूकता तथा शिकायत निवारण के लिए उपभोक्ताओं, कंपनियों, नियामकों तथा उपभोक्ता मामलों के विभाग को एक मंच पर लाने के लिए उपभोक्ता मामलों का विभाग गुरुवार को उपभोक्ता मेला आयोजित कर रहा है। मेले में एसोचैम, सीआईआई, डीआईसीसीआई, फिक्की तथा पीएचडी चैंबर्स और फासी, ट्राई तथा बीईई जैसे संस्थान भाग लेंगे।
यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य तथा सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ करेंगे। उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह 20 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
बयान के अनुसार, उपभोक्ता सप्ताह के तहत नई दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित उपभोक्ता मेले में टाटा मोटर्स, रिलायंस कम्युनिकेशन्स, एमवे, अमेजॉन, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एलआईसी, हीरो मोटर्स, मेक माई ट्रिप, गीतांजलि, आईटीसी और पैनासोनिक जैसी कंपनियां भाग लेंगी।
उल्लेखनीय है कि उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा 16 से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े में उपभोक्ता को आस-पास के स्थानों को स्वच्छ रखने के बारे में बताया जाएगा। इस दौरान उपभोक्ता जागरूकता और स्वच्छता पर नुक्कड़-नाटक, स्कूली बच्चों द्वारा पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उपभोक्ता मामले विभाग का राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) द्वारा उपभोक्ताओं को उनके अधिकार और दायित्व, शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं और शिकायत दर्ज कराने के काम में सहायता दी जाएगी। राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन द्वारा मौके पर भी शिकायतें दर्ज की जाएंगी।
त्योहार के मौसम में लोगों द्वारा काफी खरीदारी की जाती है। इसलिए उपभोक्ताओं को उनकी पसंद के बारे में सूचित करना महत्वपूर्ण है, ताकि वे नकली उत्पादों और अनुचित व्यापार आचरणों का शिकार न हों।
dharmpath.com dharmpath