नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बहुभाषी स्वास्थ्य सामग्री पोर्टल मोडेस्टा डॉट कॉम ने बुधवार को अपनी वेबसाइट एवं एप के हिंदी संस्करण के लांच की घोषणा की है। बैंगलोर की यह हेल्थ-टेक स्टार्टअप विशेष रूप से भारतीय डॉक्टरों द्वारा उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सामग्री मुहैया कराती है।
मोडेस्टा के आंकड़ों के मुताबिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी पाने वाले 30 फीसदी हिन्दी भाषी प्रयोक्ता पहले संदर्भ के रूप में ऑनलाइन स्वास्थ्य सामग्री का इस्तेमाल करते हैं। रूझानों के अनुसार गर्भावस्था, बच्चे की देखभाल, महिला का स्वास्थ्य, आहार एवं पोषण तथा त्वचा की देखभाल स्वास्थ्य सामग्री से संबंधित मुख्य विषय है जिन्हें उपयोगकर्ता प्राथमिकता देते हैं।
मोडेस्टा पर पहले से विभिन्न विषयों जैसे महिलाओं का स्वास्थ्य, पुरुषों का स्वास्थ्य, वैलनेस, जीवनशैली से संबंधित रोगों, निषिद्ध रोगों और बाल रोगों से संबंधित 1000 से अधिक लेख एवं वीडियो मौजूद हैं। स्वास्थ्य के प्रति सजग लोग मोडेस्टा पर उपलब्ध विभिन्न उपकरणों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य पर निगरानी भी रख सकते हैं जैसे बीएमआई कैलकुलेटर, गर्भावस्था की अपेक्षित दिनांक का कैलकुलेटर और ऑव्यूलेशन कैलकुलेटर आदि।
मोडेस्टा जल्द ही टेलीमेडिसिन भी लांच करेगा और इसके प्लेटफॉर्म पर पहले से 500 से अधिक डॉक्टर उपलब्ध हैं।
मोडेस्टा के सह-संस्थापक एवं सीईओ बिक्रम बरमन ने कहा, “मोडेस्टा डॉट कॉम के लांच के बाद मात्र चार महीनों में हमें 15 लाख से अधिक मासिक विजिट मिल रहे हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी का अनुभव हो रहा है कि हम हिन्दी एवं 4 अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में अपना विस्तार कर रहे हैं। उपभोक्ता अब हिन्दी भाषा में स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी का लाभ उठा सकेंगे। हमने अन्य भारतीय भाषाओं में भी विस्तार की योजना बनाई है।”
मोडेस्टा का एप ‘मोडेस्टा हेल्थ’ के नाम से एंड्रोइड एवं आईफोन उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है।
dharmpath.com dharmpath