सभी नई रेलगाड़ियों में जैव शौचालय लगेंगे : प्रभु

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने बुधवार को कहा कि सभी नई और वर्तमान रेंलगाड़ियों में स्वच्छता बरकरार रखने के लिए जैव शौचालय लगाए जाएंगे।

मंत्री ने यहां 175 किलोमीटर लंबी हरित रेल पटरी का उद्घाटन करते हुए कहा, “सभी नई और वर्तमान रेलगाड़ियों में जैव शौचालय लगाए जाएंगे, ताकि रेल पटरियां मानव मल से पूरी तरह मुक्त रहें। पहले हमने हरित गलियारा दक्षिण भारत में शुरू किया था। अब इसे पश्चिमी भारत में शुरू कर रहे हैं।”

मंत्री ने 141 किलोमीटर लंबे ओखा-कनालस मार्ग और 34 किलोमीटर लंबे पोरबंदर-वानसजलिया मार्ग का उद्घाटन किया। रेलवे ने 29 रेलगाड़ियों के 700 डिब्बों में जैव शौचालय लगाए हैं।

प्रभु ने कहा, “नई रेलगाड़ियों में जैव शौचालय लगाना आसान है, लेकिन पुरानी रेलगाड़ियों में इसे लगाना एक बड़ी चुनौती है। हमने 85,000 जैव शौचालय बनाने का ठेका दिया है।”

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि रेलवे आनेवाले सालों में और भी हरित गलियारा शुरू करेगी।

सिन्हा ने कहा, “इन मार्गों का चयन इसलिए किया गया है, क्योंकि इन पर बेहद कम रेलगाड़ियां चलती हैं। हम जल्द व्यस्त मार्गो पर भी हरित गलियारा बनाएंगे। इसके साथ ही 78 किलोमीटर लंबे जम्मू-कटरा रेलमार्ग पर भी हरित गलियारा बनाया जाएगा, जो मार्च 2017 तक पूरा होगा।”

अब तक भारतीय रेल 14,000 डिब्बों में 48,000 जैव शौचालय लगा चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493