लखनऊ, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में गुरुवार को सुबह से ही आंशिक तौर पर बदली का असर है। हल्की धूप निकली है, जिससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और कमी आने की उम्मीद जताई है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में हल्की धूप निकलेगी और आसमान में बदली का असर दिखाई देगा। तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले 24 घंटों के दौरान हालांकि बारिश होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री, कानपुर का 22 डिग्री, गोरखपुर का 21.2 डिग्री, इलाहाबाद का 22 डिग्री और झांसी का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath