नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय शोधकर्ताओं ने एक नई व्हीलचेयर नौवहन प्रणाली विकसित की है, जो स्वचालित ढंग से इसे चला सकती है और किसी अवरोध से टकराने से बचा सकती है। साथ ही यह प्रयोक्ता की थकान के तनाव को भी भांप सकती है।
शोधकर्ताओं ने बताया कि यह स्मार्ट व्हीलचेयर इसके अलावा प्रयोक्ता के दिल की धड़कन, तापमान या नैदानिक प्रयोग के लिए अन्य महत्वपूर्ण लक्षणों की निगरानी करता है।
हरियाणा के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्यूनिकेशन विभाग के नवीन कुमार मलिक और नेशनल फिजिकल लैबोरेटोरी के वी. आर. सिंह ने इंटरनेशल जर्नल ऑफ ह्यूमन फैक्टर्स मोडेलिंग एंड सिमुलेशन में ‘ह्यूमन इंसपायर्ड कॉगनिटिव व्हीलचेयर नेविगेशन सिस्टम’ के बारे में शोध पत्र प्रकाशित किया है।
शोधकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट व्हीलचेयर में पारंपरिक व्हीलचेयर की तुलना में कहीं अधिक बेहतर सुरक्षा फीचर्स और चेतावनी प्रणाली है। इसमें एक माइक्रोकंट्रोलर प्रणाली लगी है, जो किसी वस्तु के टकराने, या प्रयोक्ता के नींद या झपकी लेने पर नजर रखता है और व्हीलचेयर को उसी हिसाब से नियंत्रित करता है।
शोधदल ने इस व्हीलचेयर का प्रोटोटाइप तैयार कर लिया है और जल्द ही इसे बाजार में उतारा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath