पत्नी की मौत के मामले में कबड्डी खिलाड़ी गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रोहित चिल्लर को शुक्रवार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है।

तीन दिन पहले रोहित की पत्नी ललिता ने आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस के मुताबिक रोहित के पिता 51 वर्षीय विजय सिंह ने शुक्रवार को नांगलोई पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया। वह दहेज हत्या के मामले में सहआरोपी हैं। रोहित की मां सुनीता अभी फरार हैं।

रोहित को मुंबई के कोलाबा से गिरफ्तार किया गया। वह भारतीय नौसेना में काम करते हैं।

दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त दीपेन्द्र पाठक ने कहा, “हम उन्हें मुंबई अदालत में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश करेंगे। हम उन्हें पूछताछ के लिए दिल्ली लाना चाहते हैं। ललिता के ऑडियो मैसेज और सुसाइड नोट से पता चलता है कि वह प्रताड़ना झेल रही थीं।”

दिल्ली पुलिस की टीम गुरुवार को मुंबई गई थी। उसने शुक्रवार को रोहित को स्टाफ क्वार्टर से गिरफ्तार किया।

रोहित के परिवार को गुरुवार को पुलिस ने पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन घरवाले घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।

27 वर्षीया ललिता का शव सोमवार को उनके पिता करण सिंह ने पंखे से लटका पाया था। वह अपने घर में अकेली रह रही थीं जबकि उनके ससुराल वाले कांझावाला में रह रहे थे।

रोहित और ललिता की शादी पिछले साल मार्च में हुई थी। यह ललिता की दूसरी शादी थी।

ललिता ने दो घंटे का ऑडियो मैसेज और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था जिसमें उन्होंने लिखा, “मैं इतनी मजबूत नहीं हूं कि यह सब बर्दाश्त कर सकूं। मैंने सब कुछ छोड़ने का फैसला कर लिया है।”

ललिता के पिता करण सिंह की शिकायत पर रोहित और उनके परिवार वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493