वरुण गांधी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए : जद (यू)

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद वरुण गांधी पर हनी ट्रैप में फंसने के सनसनीखेज आरोपों को लेकर जनता दल (युनाइटेड) ने शुक्रवार को उनके इस्तीफे की मांग की। आरोप है कि रक्षा बिचौलिए अभिषेक वर्मा के हनी ट्रैप में फंसकर वरुण ने देश की रक्षा सूचनाओं को लीक किया।

जद (यू) ने ट्विटर पर एक आधिकारिक बयान में कहा, “वरुण गांधी को नैतिकता के आधार पर लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए।”

अमेरिकी वकील सी.एडमंड्स एलन ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को लिखे एक पत्र में वरुण गांधी पर हनी ट्रैप में फंसने के बाद रक्षा सूचनाएं लीक करने का आरोप लगाया है।

स्वराज अभियान के नेताओं द्वारा एडमंड्स के पत्र को जारी करने के एक दिन बाद जद (यू) ने बयान में कहा, “हवाला मामले के आरोपों को लेकर आडवाणी जी ने भी इस्तीफा दिया था।”

राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए जद (यू) ने कहा, “क्या यह भाजपा का नया मॉडल है, जहां यौन संबंध बनाने के लिए देश की रक्षा से संबंधित खुफिया सूचनाओं को लीक किया जाता है।”

जद (यू) ने सवाल किया, “यह किस तरह का राष्ट्रवाद है, जहां भाजपा नेता वरुण गांधी यौन संबंध बनाने के लिए खुफिया सूचनाओं को लीक कर रहे हैं? क्या यही राष्ट्रवाद है?”

वरुण की मां व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी पर निशाना साधते हुए जद (यू) ने कहा, “भाजपा सबको भारतीय संस्कृति का पाठ पढ़ाती है, जिसे सबसे पहले परिवार में ही पढ़ाया जाता है।”

बयान के मुताबिक, “क्या मेनका गांधी अपने बेटे के इस आचरण को स्वीकार करती हैं?”

बयान में आश्चर्य जताते हुए कहा गया, “यौन संबंध बनाने के लिए खुफिया सूचनाओं को साझा करने के वरुण गांधी के आचरण का क्या मेनका गांधी समर्थन करती हैं?”

वरुण गांधी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने तमाम आरोपों से इनकार करते हुए इन्हें निराधार बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493