बिहार : विदेशी शराब के 1100 कार्टन बरामद, 6 गिरफ्तार

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के फतुहा औद्योगिक क्षेत्र से शनिवार को उत्पाद विभाग की एक टीम ने करीब 1100 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राज्य मद्य एवं निषेध विभाग के सहायक आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की एक टीम ने फतुहा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गोदाम से करीब 11 सौ कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। बरामद शराब हरियाणा में निर्मित है। एक कार्टन में 12 बोतलें होती हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले में गोदाम संचालक अनिल कुमार गुप्ता सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा से जिस वाहन से शराब यहां लाई गई थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने संभावना जताई कि इस गोदाम से शराब की आपूर्ति पटना के अलावा दूसरे जिलों में की जानी थी। मामले की छानबीन की जा रही है।

बिहार में इस साल अप्रैल से लागू शराबबंदी के बाद पहली बार छापेमारी में इतनी बड़ी संख्या में शराब पकड़ी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493