पटना से अपहृत दिल्ली के व्यवसायी बंधुओं का सुराग नहीं, मामला दर्ज

पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना से दिल्ली के व्यवसायी के अगवा दो पुत्रों का दो दिनों के बाद भी सुराग नहीं लग सका है। इस बीच, हालांकि पुलिस दोनों अगवा भाईयों की जल्द सकुशल बरामदगी का दावा कर रही है।

इस मामले में पटना के हवाईअड्डा (एयरपोर्ट) थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर के सेक्टर-8 में रहने वाले कारोबारी बाबूलाल शर्मा के दोनों बेटे कपिल और सुरेश 21 अक्टूबर (शुक्रवार) की शाम पटना हवाईअड्डे पर उतरे थे। उसके बाद से ही उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है।

परिवार वालों का कहना है कि किसी परिचित के कहने पर ही दोनों कारोबार के सिलसिले में पटना गए थे।

जब घर वालों ने 22 अक्टूबर को उनका हाल-चाल पूछने के लिए फोन लगाया, तो दोनों का फोन स्वीच ऑफ मिला। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार देर रात 11 बजे तक बात हुई है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनु महाराज ने सोमवार को बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर एयरपोर्ट थाना में अपहरण की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है।

एसएसपी के मुताबिक, इस घटना में कोई फिरौती की बात सामने नहीं आई है लेकिन सूत्रों के मुताबिक चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है।

महाराज ने बताया, ‘इस अपहरण कांड के पीछे का कारण व्यावसायिक रंजिश भी हो सकती है। फिरौती की मांग नहीं की गई है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। इस मामले में कोई नजदीकी ही मास्टरमाइंड हो सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493