वर्षो बाद लगा, सेना के साथ पूरा देश खड़ा है : प्रधानमंत्री (लीड-1)

बनारस, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को आठ बड़ी योजनाएं देने के बाद कहा कि कई बरस बाद हम लोग सेना को अहसास करा सके कि पूरा देश आपके साथ है।

उन्होंने कहा कि उसी दौरान टीवी में देखा, अखबारों में पढ़ा, टेलीफोन आए बनारस से कि 29 सितंबर को हम काशीवासियों ने छोटी दीपावली मना ली (सर्जिकल स्ट्राइक पर उस दिन गंगा आरती सेना को समर्पित थी)।

मोदी ने कहा, “अब हम बड़ी दीपावली मनाएंगे, मगर यह तभी होता है कि जब सीमा पर किसी मां का लाल हमारे त्योहार के लिए अपने को खपा देता है। मैं आह्वान करता हूं कि अपनों की ही तरह सेना के जवानों को, सुरक्षा बलों को दीपावली पर शुभकामना संदेश भेजें।”

मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को करोड़ों रुपये की योजनाओं का तोहफा दिया। उन्होंने पांच बेटियों को सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ दिया और ऊर्जा गंगा परियोजना के अंतर्गत पीएनजी सिटी गैस परियोजना और गैस आधारित बिजली उपकेंद्र का भी शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने गंगा किनारे बसे शहर बनारस में ऊर्जा गंगा परियोजना (घर-घर पाइप लाइन से रसोई गैस) का बटन दबाकर शुभारंभ किया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान भी उनके साथ थे।

प्रधानमंत्री ने सुकन्या धन योजना के लाभार्थियों को चेक दिया। पहली लाभार्थी परिणीति (चंदौली), दूसरी अनुष्का (वाराणसी), फिर सारिया (वाराणसी) और आराध्या यादव को चेक प्रदान किया। इसके बाद 5 महिलाओं को उज्ज्वला योजना से लाभान्वित किया।

प्रधानमंत्री ने वाराणसी में सोमवार को सिटी गैस परियोजना का शिलान्यास भी किया और कहा कि इसका लाभ 12 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा। साथ ही उन्होंने डीरेका विस्तारीकरण योजना का लोकार्पण भी किया। इसके तहत मॉडर्न मशीनरी से रेल इंजन बनेंगे।

इसके साथ ही वाराणसी-इलाहाबाद रेल मार्ग दोहरीकरण का शिलान्यास भी किया।

प्रधानमंत्री मोदी महोबा से सेना के विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा वाराणसी के डीजल रेल कारखाना (डीरेका) मैदान पर उतारे, जहां उनकी अगवानी राज्यपाल राम नाईक ने की।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रधान के अलावा रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा और अनुप्रिया पटेल समेत कई केंद्रीय मंत्री और सांसद मौजूद थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का यह अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का आठवां दौरा है।

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री के आगमन के पूर्व भाजपा के कार्यकर्ता शूलटंकेश्वर, रोहनिया, सेवापुरी, राजा तालाब, शिवपुर मंडल से जुलूस निकालकर कार्यकर्ता सभा स्थल पर पहुंचे। सभा स्थल पर सांसद और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता मनोज तिवारी ने सभा स्थल पर अपने गीतों से समां बांधा और केंद्र सरकार की योजनाओं का बखान किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493