बच्चे की मौत से गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में की तोड़-फोड़

कोलकाता, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कथित तौर पर इलाज में लापरवाही के चलते एक बच्चे की मौत हो गई, और इस घटना से गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में जमकर तोड़-फोड़ की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हावड़ा जिले के गुसुरी स्थित टी. एल. डी. अस्पताल में यह घटना हुई।

पुलिस ने कहा कि लोगों का आरोप है कि अस्पताल ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्चा जीवित ही था।

इसके बाद पीड़ित के रिश्तेदार और स्थानीय लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के अंदर और अस्पताल परिसर में करीब एक घंटे तक तोड़फोड़ की।

अस्पताल के आपात चिकित्सा कक्ष में मौजूद महत्वपूर्ण उपकरणों को तहस-नहस कर दिया गया।

मंगलवार को इससे पहले डूब रहे बच्चे तुहिन मजुमदार को बचाकर गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया।

पीड़ित बच्चे के एक रिश्तेदार ने कहा, “जब हम तुहिन को अस्पताल लाए तब वह जीवित था, लेकिन अस्पताल वालों ने उसे मृत घोषित कर भर्ती करने से मना कर दिया।”

रिश्तेदारों का दावा है कि जब वे बच्चे को वापस ले जाने लगे तो रास्ते में उसमें जीवन के लक्षण दिखे। फिर वे उसे वापस अस्पताल लाए, लेकिन फिर से बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।

अस्पताल के किसी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका है। पुलिस ने तोड़-फोड़ के आरोप में 10 लोगों को हिरासत में ले लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493