नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। टाटा संस ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय में एक कैविएट याचिका दाखिल कर साइरस मिस्त्री द्वारा किसी संभावित कानून कार्रवाई में पक्ष बनाने की मांग की।
टाटा संस ने साइरस मिस्त्री को हटाने के बाद उनकी तरफ से किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की संभावना के मद्देनजर इसमें उसे भी एक पक्ष बनाकर सुनवाई का मौका देने के लिए यह कैविएट दाखिल किया।
अभिषेक मनु सिंघवी और हरीश साल्वे समेत वकीलों का एक दल टाटा की तरफ से मामले को देख रहा है। सिंघवी यहां से मंगलवार शाम मुंबई रवाना हो गए।
सिंघवी ने टाइम्स नाउ से कहा कि टाटा संस के बोर्ड के लगभग सभी सदस्यों (9 में से 7) ने मिस्त्री में अपना भरोसा खो दिया था। उन्होंने कहा कि विश्वास की कमी साफ झलक रही थी।
सिंघवी ने कहा कि रतन टाटा जोकि अंतरिम अध्यक्ष बनाए गए हैं, ब्रांड टाटा के प्रति प्रतिबद्ध हैं और उन्होंने जो भी किया है, समूह की भलाई के लिए किया है।
मिस्त्री को सोमवार को टाटा संस के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह रतन टाटा को अंतरिम अध्यक्ष बना दिया गया।
dharmpath.com dharmpath